Top News

दुर्गा पूजा में डीजे पर रहेगी रोक, पूजा समितियों को सीसीटीवी लगाने का निर्देश


दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को दिघलबैंक थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने की। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों एवं विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में थानाध्यक्ष ने लोगों से दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलने की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

थानाध्यक्ष ने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पूजा पंडालों एवं मेला स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा स्थल से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।

साथ ही, पूजा समितियों को एक-दो दिनों के भीतर अपने कार्यकर्ताओं की सूची थाने में जमा करने को कहा गया, ताकि उनके पहचान-पत्र जारी किए जा सकें।

बैठक में दिघलबैंक, धनतोला, दुबरी, टप्पू, तुलसिया और पदमपुर सहित अन्य मेला स्थलों पर भीड़ के कारण लगने वाले जाम से निपटने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए मेला स्थलों से दूर बाइक एवं साइकिल स्टैंड बनाने पर जोर दिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

बैठक में पूर्व प्राचार्य बीएन ठाकुर, ब्रजमोहन झा, दिघलबैंक मुखिया प्रतिनिधि गणेश सिंह, पूर्व प्रमुख नादिर आलम, राजमोहन झा, कमल अग्रवाल, रमेश कुमार गणेश, गौतम लाल गणेश, सीताराम सोरेन, तेज नारायण गिरी, प्रमोद साह, सुरेंद्र दास सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post