शारदीय नवरात्र की शुरुआत रविवार को पूरे प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुई। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति रामपुर की ओर से दुर्गा मंदिर परिसर से 1051 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और मां दुर्गा के जयकारों के बीच निकली यात्रा से पूरा गांव भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा में कन्याएं नए वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर कतारबद्ध तरीके से चल रही थीं। यात्रा दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एनएच के रास्ते सुरसर नदी पहुंची। वहां पंडित मधुसूदन ठाकुर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद कन्याएं कलश लेकर वापस मंदिर परिसर पहुंचीं, जहां कलश स्थापना के साथ यात्रा संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालु कन्याओं के स्वागत के लिए मौजूद रहे। नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। गर्मी को देखते हुए महाकाल ग्रुप के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल आदि की व्यवस्था भी की थी।
कलश स्थापना के साथ ही रामपुर दुर्गा मंदिर में नौ दिनों तक चलने वाली मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा पूजा समिति के सक्रिय सदस्यों, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने सहयोग किया।
Post a Comment