Top News

शौच के लिए निकली महिला लापता, 3 दिन से नहीं मिला सुराग; सौरा नदी में SDRF का सर्च ऑपरेशन

पूर्णियां पूर्व/राजेश यादव 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी स्थित श्रीराम टोला से शौच के लिए निकली 52 वर्षीय महिला पिछले तीन दिनों से लापता है। महिला के सौरा नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए रविवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका था।लापता महिला की पहचान नगर निगम के वार्ड संख्या-42 अंतर्गत श्रीराम टोला, बेलौरी निवासी दिनेश ऋषि की पत्नी भूलो देवी (52) के रूप में हुई है।

17 सितंबर की सुबह घर से निकली थी महिला

परिजनों के अनुसार, भूलो देवी 17 सितंबर की सुबह सौरा नदी किनारे शौच के लिए गई थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। लगातार तीन दिनों तक सुराग नहीं मिलने के बाद परिजनों को आशंका हुई कि महिला सौरा नदी में डूब गई होंगी।

नदी में डूबने की आशंका, SDRF ने संभाला मोर्चा

महिला के लापता होने की सूचना वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चंदन भगत के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को दी गई। सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सौरा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया।एसडीआरएफ के हवलदार तारकेश्वर चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची है। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और महिला की तलाश की जा रही है।

तीन दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

लापता महिला के देवर शंकर ऋषि ने बताया कि उनकी भाभी 17 सितंबर से ही लापता हैं। परिवार की ओर से काफी तलाश की जा चुकी है। नदी में डूबने की आशंका के बाद अब एसडीआरएफ की मदद से खोजबीन की जा रही है।फिलहाल नदी में एसडीआरएफ का तलाशी अभियान जारी है। महिला के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनके साथ आखिर क्या हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post