Top News

तुलसिया हॉल्ट पर युवती से बदसलूकी का मामला, SIT ने तीन को किया गिरफ्तार


दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर युवती के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का करीब चार माह पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।

पुलिस के अनुसार, गत 24 सितंबर की देर रात एसपी को व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो करीब चार माह पुराना बताया गया। इसमें एक युवती को 8-9 लड़कों से घिरा दिखाया गया, जबकि 4-5 युवक उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे थे। पुलिस की जांच में वीडियो में दिख रहा घटनास्थल दिघलबैंक थाना क्षेत्र स्थित तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पाया गया।

वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में शामिल युवकों की पहचान मुस्तफागंज निवासी अफसर उर्फ हती पिता तजेमूल, श्रीपुर निवासी जुबेर खान पिता मोहम्मद बसीर, दहीभात निवासी मिजान उर्फ सलमान पिता जहागीर, कुम्हार टोली निवासी कामिल पिता अशाहबुदीन तथा जागीरबस्ती निवासी शहजाद पिता सबीर के रूप में की।

पुलिस जांच में पता चला कि घटना के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में चले गए थे। अफसर उर्फ हती गुजरात, जुबेर खान हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान कर्नाटक और कामिल पंजाब में रोजगार कर रहा था, जबकि शहजाद दिघलबैंक थाना क्षेत्र में ही था।

एयरपोर्ट से दो आरोपी गिरफ्तार

एसआईटी ने गत शुक्रवार को जागीर दहीभात निवासी नामजद आरोपी शहजाद (21), पिता शब्बीर को दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहीं गुजरात और कर्नाटक में रह रहे आरोपियों के संबंध में वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए जागीर दहीभात निवासी मिनाज उर्फ सलमान (22), पिता असफाक आलम को पूर्णिया एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। खाड़ीबस्ती मुस्तफागंज निवासी अफसर आलम (38), पिता तजेमुल को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ कर रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

दोस्त से मिलने स्टेशन पहुंची थी युवती

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने तुलसिया रेलवे स्टेशन गई थी। इसी दौरान आसपास के गांव के कुछ युवकों ने दोनों को देख लिया और युवती व उसके दोस्त को घेरकर पूछताछ करने लगे। पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान युवकों ने उसके दोस्त के हिंदू होने को लेकर सवाल करते हुए उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया।

बताया गया कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायती भी हुई थी और मामले को सुलझा लिया गया था। बाद में जमुई और समस्तीपुर से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने करीब चार माह पुराने तुलसिया हॉल्ट के इस वीडियो को भी सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया और कार्रवाई शुरू की गई।

पीड़िता के आवेदन पर दिघलबैंक थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : एसपी

एसपी संतोष कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह नहीं फैलाएं और सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि अफवाह अथवा भ्रामक खबर फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post