मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की पूर्णिया जिला इकाई ने शनिवार को थाना चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार के आह्वान पर बिहारभर में आयोजित कार्यक्रम के तहत पूर्णिया में धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विकास झा ने किया। इसमें प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता नियाज अहमद ने कहा कि आम आदमी पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग कर रही है। उन्होंने एसआईआर पर रोक लगाने, जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने, वर्ष 2023 के कानून को रद्द करने तथा निर्वाचन आयोग में आवश्यक सुधार की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष विकास झा ने कहा कि उनके मत में नैतिक आधार पर भारत निर्वाचन आयोग को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट होना चाहिए कि निर्वाचन आयोग ने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया या नहीं और उसके कामकाज पर किसी राजनीतिक उद्देश्य का प्रभाव पड़ा या नहीं।
धरने में मौजूद युवा जिलाध्यक्ष इरशाद पूर्णवी ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को ‘वोट चोरी’ करार देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल पद छोड़ने की मांग की।
आप नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया में सुधार और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
Post a Comment