बहादुरगंज। अपर समाहर्ता (एडीएम) अम्रेंद्र कुमार पंकज ने शनिवार को बहादुरगंज अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलों का गहन अवलोकन करते हुए दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन और सरकारी भूमि के अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने लंबित म्यूटेशन आवेदनों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अंचलाधिकारी और संबंधित राजस्व कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि म्यूटेशन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीएम ने अधिकारियों को राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बरतने तथा कार्यालय आने वाले आवेदकों की समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की हिदायत दी।
Post a Comment