Top News

स्थानांतरण पर दो शिक्षिकाओं को दी भावभीनी विदाई


टेढ़ागाछ। चिन्हनियाँ पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बभनगामा में शनिवार को स्थानांतरण पर दो शिक्षिकाओं मीरा कुमारी और प्रियंका भकत के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

इस दौरान विद्यालय परिवार ने दोनों शिक्षिकाओं के योगदान और छात्रों के साथ उनके स्नेहपूर्ण संबंधों को याद किया। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने कहा कि दोनों शिक्षिकाओं के शिक्षण कार्य और विद्यालय के प्रति समर्पण ने सभी को प्रभावित किया है। छात्रों के विकास और विद्यालय की प्रगति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं और विद्यालय के अन्य कर्मियों की आंखें नम हो गईं। दोनों शिक्षिकाओं ने विद्यालय में बिताए अनुभव साझा करते हुए सभी के प्रति आभार जताया।

अंत में दोनों शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post