मुरलीगंज/मिथिलेश कुमार
मुरलीगंज। शहर के सिनेमा चौक स्थित मेसर्स आनंद स्टोर में शुक्रवार को राज्य कर विभाग की मधेपुरा अंचल और पूर्णिया प्रमंडलीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान की मुख्य दुकान के साथ-साथ शहर में स्थित तीन गोदामों की भी विस्तृत जांच की। करीब 10 घंटे तक चली जांच में विभाग ने लगभग 50 लाख रुपये की कर चोरी का मामला सामने आने की बात कही है।जानकारी के अनुसार, राज्य कर विभाग की टीम दोपहर करीब 2 बजे मेसर्स आनंद स्टोर पहुंची और जांच की कार्रवाई शुरू की, जो देर रात करीब 12 बजे तक जारी रही। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अग्रज आनंद बताए गए हैं। दुकान से पान मसाला, गुटखा, चावल, चीनी समेत विभिन्न खाद्य एवं अन्य वस्तुओं का थोक और खुदरा कारोबार किया जाता है।
तीन गोदामों में भी पहुंची टीम
विभागीय टीम ने मुख्य प्रतिष्ठान के अलावा कारोबार से जुड़े तीन अलग-अलग गोदामों में भी जांच की। अधिकारियों ने गोदामों में उपलब्ध स्टॉक का मिलान कारोबारी रिकॉर्ड से किया। इसके अलावा खरीद-बिक्री से संबंधित बिल, लेखा-पंजी, दस्तावेज और अन्य अभिलेखों की भी गहन जांच की गई।कई घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने उपलब्ध कागजात और कारोबारी रिकॉर्ड को खंगाला तथा स्टॉक और दस्तावेजों में सामने आए तथ्यों का मिलान किया।
करीब 50 लाख की कर चोरी का मामला
राज्य कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और सामने आए तथ्यों के आधार पर करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अंतिम कर निर्धारण नहीं है। संबंधित कारोबारी का पक्ष और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम देय कर का निर्धारण किया जाएगा।राज्य कर संयुक्त आयुक्त शौकत अली अंसारी ने बताया कि जांच के दौरान करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। संबंधित व्यवसायी को शो-कॉज नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है।देर रात तक चली राज्य कर विभाग की इस कार्रवाई से पूरे दिन मुरलीगंज शहर में चर्चा का माहौल बना रहा। अब विभाग जांच में मिले दस्तावेजों, स्टॉक और कारोबारी रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। संबंधित व्यवसायी के जवाब के बाद मामले में अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

Post a Comment