बरारी प्रखंड के गुरुमेला पंचायत में बाढ़ का कबढ़ता जा रहा है। गंगा, कोसी और बरंडी नदी के संगम क्षेत्र से पानी का दबाव बढ़ने के कारण पंचायत के कई वार्डों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि कई इलाकों में लोगों के घरों तक कमर भर पानी पहुंच चुका है। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुमेला पंचायत के मुखिया राजकुमार यादव ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत व्यवस्था शुरू करने की मांग की है। मुखिया ने अंचलाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा है कि जरूरतमंद लोगों को प्लास्टिक, सूखा राशन, सामुदायिक रसोई केंद्र और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं। मुखिया राजकुमार यादव के अनुसार पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और जरूरतमंद स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। इस संबंध में अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया है, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द राहत पहुंचाई जा सके। मुखिया ने बताया कि पंचायत में कमर तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है, जिसके कारण लोग अपने घरों को छोड़कर ऊंचे बांध पर शरण लेने को मजबूर हैं। राहत और भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और भूखे सोने की नौबत बनी हुई है। वहीं बाढ़ के पानी के साथ आए विषैले जीव-जंतुओं और सांपों से भी लोगों में डर का माहौल है। बांध पर बड़ी संख्या में लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। इधर, बांध पर बिजली का पोल लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही बिजली के तार लगाए जाएंगे और उन्हें बिजली की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अंधेरा रहने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। समिति सदस्य मिथलेश यादव ने कहा कि बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और पंचायत के लोगों को तत्काल राहत सामग्री एवं भोजन की जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने की मांग की। वहीं उपमुखिया अनारुल हक ने कहा कि गुरुमेला पंचायत में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। कई परिवार बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं और सुरक्षित स्थान के लिए ऊंचे बांध पर शरण लेने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तत्काल सूखा राशन, प्लास्टिक, सामुदायिक रसोई, शौचालय, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में लोगों को राहत मिल सके। वहीं वार्ड सदस्य जितेंद्र रजक ने कहा कि बाढ़ के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई परिवार घर छोड़कर बांध पर रहने को मजबूर हैं। ऐसे में प्रशासन को तत्काल राहत एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए। बाढ़ की विकट स्थिति को देखते हुए अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की ओर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, भोजन, रोशनी, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मौके पर प्रमोद रजक, नंदन पासवान, जितेंद्र रजक, इंद्रदेव मंडल, सुबोध रविदास, सुरेश मंत्री, रानी देवी, विनोद यादव, मसीन दार, अजय यादव, मालती देवी, भागो देवी और पिंकी देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
गुरुमेला पंचायत में बाढ़ का कहर, ऊंचे बांध पर शरण लेने को मजबूर ग्रामीण
Cityhalchal News
0
Post a Comment