Top News

जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, एक ही परिवार के चार घायल


फलका। फलका थाना क्षेत्र के जनकपुर वार्ड संख्या चार में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने अशोक मुनि की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

घटना को लेकर जनकपुर निवासी रूबी देवी, पति अशोक मुनि ने फलका थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे रूबी देवी अपने पति के साथ घर के समीप खेत में मौजूद थीं। इसी दौरान विकास यादव, जितन मंडल, बंटी मंडल, बेचन मंडल, छोटू मंडल, भारत मंडल, मनोज मंडल, माधो मंडल, प्रकाश मंडल, रूपेश यादव समेत अन्य लोग कथित तौर पर उनकी जमीन पर पहुंचकर जोत-आबाद करने का प्रयास करने लगे।

विरोध करने पर आरोपितों द्वारा लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में विकास यादव और रूपेश यादव पर तलवार से हमला करने का भी आरोप है। मारपीट में अशोक मुनि के सिर में गंभीर चोट लगी।

पति को बचाने पहुंची रूबी देवी, उनकी सास सफलती देवी और पुत्र अमित कुमार के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने तलवार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से हमला किया तथा घटना के बाद धमकी देते हुए मौके से चले गए।

फलका पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post