सदर विधायक विजय खेमका ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर जुलाई 2026 से अब तक पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विभागवार एवं पंचायत/वार्डवार स्थिति उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने पूछा है कि शिविरों में अब तक कितने आवेदन प्राप्त हुए, कितने निष्पादित किए गए और कितने लंबित हैं। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर कितने मामलों का समाधान हुआ, इसकी भी जानकारी मांगी गई है। न्यायालय से संबंधित मामलों को छोड़कर वास्तविक रूप से लंबित आवेदनों की संख्या उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के निर्देश पर पंचायतों एवं नगर निगम के वार्डों में प्रत्येक माह प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि सहयोग पोर्टल एवं संबंधित विशेष रजिस्टर में की जाती है।
विधायक ने नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शिविर में आवेदन देने वाले लोगों को अनिवार्य रूप से प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। सहयोग शिविर, पंचायत विकास शिविर एवं संत रविदास विकास शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। विधायक ने जिला प्रशासन से लंबित मामलों की स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।
Post a Comment