Top News

एसएच-91 पर फेरीवाले से लूटपाट का प्रयास, कट्टे के बट से सिर पर किया वार

 मुरलीगंज-बिहारीगंज स्टेट हाईवे-91 पर कपड़ा बेचकर लौट रहे फेरीवाले से बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा लूटपाट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर बदमाशों ने देसी कट्टा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और कट्टे के बट से सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।

घायल की पहचान मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 निवासी धीरज सिंह, पिता महेंद्र नारायण सिंह के रूप में हुई है। धीरज ने बताया कि वह साइकिल से गांव-गांव घूमकर कपड़े बेचता है। इसी दौरान एसएच-91 पर बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर लूटपाट का प्रयास किया। दोनों के पास देसी कट्टा था। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। धीरज के विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टे के बट से उसके सिर पर वार कर दिया।

इसी दौरान आसपास के लोगों की नजर पड़ने पर दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार जितेश ने बताया कि सिर पर चोट के कारण जख्म हुआ है, जिसमें तीन-चार टांके लगाए गए हैं। घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में लूटपाट के प्रयास की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post