शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में पूर्णिया के मध्य विद्यालय उथरी पोखरिया के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पंडित को ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया।
अजय कुमार पंडित 19 सितंबर 2023 से विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय में ‘आर्यभट्ट गणित पार्क’ एवं ‘जेसी बोस इको पार्क’ की स्थापना की गई। इन नवाचारों के माध्यम से बच्चों को गणित और विज्ञान की अवधारणाएं गतिविधियों व खेल के जरिए समझाई जाती हैं।
वे शिक्षण में टीएलएम, गतिविधि आधारित शिक्षा और आउटडोर टीचिंग को प्राथमिकता देते हैं। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ी है। इससे पहले वे मध्य विद्यालय उपनेल सहित डगरुआ प्रखंड के विद्यालयों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पुरस्कार मिलने पर अजय कुमार पंडित ने कहा कि यह सम्मान उनके विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था का है। उनकी उपलब्धि पर जिले के शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है।
Post a Comment