Top News

अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ प्रशासन सख्त, जीवन दीप नर्सिंग होम में छापेमारी


जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय के समीप सीमा सड़क किनारे स्थित जीवन दीप नर्सिंग होम का प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।

जांच टीम में बीडीओ अजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार और थानाध्यक्ष मो. दिलशाद खां शामिल थे। टीम ने नर्सिंग होम के पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित मानकों की जांच की।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान नर्सिंग होम बिना आवश्यक पंजीकरण के संचालित पाया गया। निरीक्षण के समय वहां चिकित्सक और नर्स भी मौजूद नहीं थे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप कई आवश्यक व्यवस्थाएं भी नहीं मिलीं।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आई कमियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सिविल सर्जन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि जिले में अवैध नर्सिंग होम के संचालन और मरीजों के गलत तरीके से इलाज की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। डीएम के निर्देश पर ऐसे संस्थानों की जांच कर बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post