Top News

मलेशिया में 20-25 युवकों की गिरफ्तारी का दावा, पूर्व विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर मलेशिया में सीमांचल क्षेत्र के करीब 20-25 युवकों की गिरफ्तारी का दावा किया है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार युवकों में रौटा थाना क्षेत्र के काछटोला-शीशाबाड़ी निवासी नासिक भी शामिल हैं।

पूर्व विधायक के अनुसार, मलेशियन पुलिस और इमिग्रेशन विभाग ने युवकों को उनके कार्यस्थल से गिरफ्तार किया। उन्होंने दावा किया कि युवकों पर बिना वैध वीजा के मलेशिया में काम करने का आरोप है।

नाहिद गनी के माध्यम से भेजने का आरोप

मुजाहिद आलम ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार युवक उन करीब 40 युवकों में शामिल हैं, जिन्हें लगभग सात महीने पहले मजलिस नेता सह टूर एंड ट्रैवल एजेंट नाहिद गनी के माध्यम से मलेशिया भेजा गया था। उन्होंने दावा किया कि विदेश भेजने के नाम पर युवकों से मोटी रकम ली गई और कई युवकों ने कर्ज लेकर पैसे दिए।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले युवकों ने वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी परेशानी बताई थी और इमिग्रेशन कार्रवाई के डर से जंगल में छिपे होने की बात कही थी।

मुजाहिद आलम ने नाहिद गनी पर युवकों के साथ कथित धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण के आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेहतर रोजगार की उम्मीद में कर्ज लेकर विदेश गए युवकों को अब गिरफ्तारी की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने पूर्व में दुबई भेजे गए कोचाधामन और अमौर के सात युवकों का भी जिक्र किया, जो कथित तौर पर परेशानी के बाद वापस घर लौटे थे। पूर्व विधायक ने कहा कि नाहिद गनी के खिलाफ आवाज उठाने पर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया।
हालांकि, मलेशिया में युवकों की गिरफ्तारी तथा नाहिद गनी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर किए गए दावों की भी पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित युवकों के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। मामले में आधिकारिक जांच या संबंधित एजेंसियों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post