गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति के बीच स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। कुरसेला स्वास्थ्य केंद्र की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में **छह स्थानों पर मेडिकल कैंप** लगाए गए हैं। इसके अलावा दो मेडिकल नाव एंबुलेंस के माध्यम से भी सड़क संपर्क से कटे इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
अब तक मेडिकल कैंप और नाव एंबुलेंस के माध्यम से करीब **650 मरीजों की जांच कर दवाएं दी जा चुकी हैं**। स्वास्थ्यकर्मी प्रभावित इलाकों में घर-घर पहुंचकर मरीजों की जांच करने के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं।
मेडिकल नाव के माध्यम से करीब 30 मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जांच की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता दे रही है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल स्वयं मेडिकल कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
डॉ. अमरलाल ने बताया कि दोनों मेडिकल नाव एंबुलेंस में मरीजों की जांच के साथ जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है। वहीं छह मेडिकल कैंपों के जरिए अब तक करीब 650 मरीजों को चिकित्सा सुविधा दी जा चुकी है।
Post a Comment