गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर से कुरसेला प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई गांवों में पानी फैलने के बाद प्रभावित परिवार ऊंचे स्थानों पर स्थित रेलवे माल गोदाम में शरण लिए हुए हैं। मंगलवार को बाढ़ राहत कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने बिहार सरकार के परिवहन सचिव सह प्रभारी सचिव राजकुमार कुरसेला पहुंचे। उनके साथ डीएम आशुतोष द्विवेदी सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी सचिव ने रेलवे माल गोदाम परिसर में संचालित सामुदायिक रसोई, मेडिकल कैंप और पशु चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया। सामुदायिक रसोई में भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता की जानकारी ली। वहीं मेडिकल कैंप में इलाज कराने पहुंचे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्ध दवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पशु चिकित्सा शिविर के निरीक्षण के दौरान पशुपालकों से उनकी समस्याएं सुनी गईं और पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने सीओ अनुपम को बाढ़ प्रभावित परिवारों और उनके पशुओं तक लगातार भोजन, राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं चारा पहुंचाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद डीएम आशुतोष द्विवेदी ने प्रखंड प्रशाल भवन में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक सामुदायिक रसोई, स्वास्थ्य सुविधा, पशु चारा और प्लास्टिक सहित आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने तथा राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
Post a Comment