कोढ़ा। प्रखंड क्षेत्र के बहरखाल पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 121, 123 एवं 244 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोढ़ा विधायक कविता पासवान ने भाग लेकर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को प्रस्तुति पत्र देकर सम्मानित किया।
मौके पर कोढ़ा सीडीपीओ ऊषा किरण, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि रमण झा, महिला पर्यवेक्षिका राजश्री चौधरी, शशि सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विधायक कविता पासवान ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यहां बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ पोषण और संस्कार की जानकारी दी जाती है। सेविका-सहायिकाएं गांव स्तर पर बच्चों और माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सीडीपीओ ऊषा किरण ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और सामाजिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं विधायक प्रतिनिधि रमण झा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती व धात्री माताओं सहित बच्चों को उचित पोषण उपलब्ध कराने के लिए धरातल पर कार्य कर रही हैं। उचित पोषण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और केंद्रों से मिलने वाली सुविधाओं को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने सेविका-सहायिकाओं के कार्यों की सराहना की।
Post a Comment