जिले के सुखसेना गांव में रविवार को ब्राह्मण युवा एकता मंच, पूर्णिया (बिहार) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और जरूरतमंद परिवारों की मदद को लेकर युवाओं ने सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के किसी गरीब एवं जरूरतमंद ब्राह्मण परिवार को बेटी की शादी, उपनयन संस्कार अथवा बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता होने पर मंच की ओर से यथासंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि समाज के सभी लोग एक परिवार की तरह एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों का सहयोग करने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा। युवाओं से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
मंच की ओर से बताया गया कि सुखसेना में आयोजित यह पहली बैठक संगठन की सामाजिक गतिविधियों की शुरुआत है। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित कर युवाओं को मंच से जोड़ने तथा सामाजिक सहयोग की गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
मंच का उद्देश्य समाज के युवाओं को एकजुट कर जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना है, ताकि किसी गरीब परिवार की बेटी की शादी, उपनयन संस्कार या बच्चों की शिक्षा में आर्थिक कठिनाई बाधा न बने। बैठक की सफलता के लिए मंच की ओर से सुखसेना गांव के अमित, रोहित, राहुल, नीतीश, प्रिंस, आयुष सहित समस्त ब्राह्मण समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Post a Comment