मुरलीगंज। कला भवन के सामने स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में शनिवार को करीब 11 बजे दशकों पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने के दौरान आसपास से गुजर रहे लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि पेड़ पूर्व दिशा की ओर गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बजरंगबली मंदिर के पुजारी आमोद कुमार ने बताया कि शनिवार को करीब 11 बजे अचानक पीपल का पेड़ पूर्व दिशा की ओर झुकने लगा। देखते ही देखते पेड़ तेज आवाज के साथ जमीन पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से तत्काल अस्पताल-थाना रोड पर आवागमन बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और पेड़ को कटवाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। बताया गया कि मंदिर परिसर में ही पुजारी आमोद कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि पेड़ पश्चिम दिशा की ओर गिरता तो मंदिर और पुजारी के आवास को नुकसान पहुंचने के साथ बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बजरंगबली की कृपा रही कि पेड़ पूर्व दिशा की ओर गिरा और जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार यह पीपल का पेड़ करीब 70 से 80 वर्ष पुराना था। अचानक पेड़ गिरने के कारणों को लेकर स्थानीय लोग भी आश्चर्यचकित हैं।
Post a Comment