मुरलीगंज (मधेपुरा)। संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुरलीगंज बाजार में संविधान बचाओ यात्रा निकाली। आलमनगर, चौसा, पुरैनी, उदाकिशुनगंज और बिहारीगंज होते हुए यात्रा मुरलीगंज पहुंची। यहां दुर्गा मंदिर परिसर से यात्रा शुरू होकर सिनेमा चौक, हरिद्वार चौक, गोल बाजार और हाट बाजार होते हुए बैंगा पुल के पास पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इसके बाद यात्रा कुमारखंड के लिए रवाना हो गई।
यात्रा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सौरभ कुमार चौधरी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिहार में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे सही तरीके से नहीं कराए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस नेता गोपी कृष्ण ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी के आधार पर सरकार बनाई गई है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। युवा कांग्रेस नेता अमित कुमार यादव ने आरोप लगाया कि संविधान के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों का हवाला देते हुए प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाया।
यात्रा में कांग्रेस के वरीय नेता उमेश प्रसाद यादव, महेंद्र यादव, प्रशांत यादव, विजय यादव, अमित कुमार यादव, शैलेंद्र कुमार, आशुतोष कुमार, अभिषेक कुमार, सागर कुमार, अखिलेश कुमार, रणधीर कुमार, रौशन कुमार, सौरभ कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
Post a Comment