कोढ़ा। कोढ़ा प्रखंड के फुलवरिया पंचायत भवन में बुधवार को सेवा भारत की ओर से पोषण माह के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों को एनीमिया (खून की कमी) के कारण, लक्षण, बचाव तथा पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
इस दौरान महिलाओं को दैनिक भोजन में आयरन एवं विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि बेहतर पोषण के लिए महंगे खाद्य पदार्थ जरूरी नहीं हैं। घर और आसपास आसानी से उपलब्ध सहजन की पत्तियां, मौसमी साग-हरी सब्जियां, केला, नींबू और आंवला जैसे कम लागत वाले स्थानीय खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल कर पोषण बेहतर किया जा सकता है।
कार्यक्रम के बाद सदर अस्पताल से पहुंचे चिकित्सक डॉ. मिथलेश ठाकुर की देखरेख में 45 महिलाओं की एनीमिया एवं एचआईवी जांच की गई। कार्यक्रम में फुलवरिया पंचायत की मुखिया कुमारी रूबी, मुखिया पति गुड्डू, वार्ड सदस्य गुड्डू पासवान, सरिता देवी, आशा रंजू कुमारी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की एएनएम शांति कुमारी मौजूद रहीं।
सेवा भारत की टीम से सोनी कुमारी, रंजू देवी, जुलेखा तबस्सुम, कंचन देवी, अंजू देवी एवं प्रियांशु कुमार सहित आगेवान बहनों के अलावा करीब 80 महिलाएं एवं किशोरियां शामिल हुईं। सेवा भारत की सोनी ने बताया कि फुलवरिया में इस तरह का स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया है। उन्होंने इसे समुदाय के लिए उपयोगी पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Post a Comment