Top News

गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन अलर्ट, डीएम ने किया स्पर का निरीक्षण


कुर्सेला। लगातार हो रही भारी बारिश और गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर जलस्तर, तटबंध, सड़क, जलजमाव और आवागमन की लगातार निगरानी की जा रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कुर्सेला प्रखंड की जरलाही पंचायत स्थित गुमटी टोला एवं 12 नंबर स्पर का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

डीएम के साथ अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा, एसडीओ कटिहार सदर सहित प्रखंड व अंचल स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अंचल अधिकारी को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा और कोसी के जलस्तर पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर एसओपी के तहत तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों व संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत तथा जरूरत के अनुसार वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जल प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम, आवश्यक दवाओं और नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post