सुरेश्वर नगर देवपुर स्थित सीबीएसई सुतारा मेंही मिशन स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण और गोपियों का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर ब्रज की छटा में रंगा नजर आया।
बच्चों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत किया। कान्हा के जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं और ब्रज की झांकी का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।
विद्यालय के निदेशक प्रभात कुमार सिंह और निर्देशिका पूनम प्रभात ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। निदेशक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, मित्रता, कर्म और सत्य का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है।
प्राचार्य सत्यजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
Post a Comment