**पूर्णिया।** शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डायल-112 ईआरवी-01 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कमिश्नरी ऑफिस स्थित खंडहर ब्रजेशनगर में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं, मौके से दो अन्य संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की सुबह डायल-112 ईआरवी-01 को सूचना मिली थी कि कमिश्नरी ऑफिस स्थित खंडहर ब्रजेशनगर में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल जब खंडहर ब्रजेशनगर पहुंचा तो वहां छिपे कुछ संदिग्ध पुलिस टीम को देखते ही भागने लगे। पुलिस बल के सहयोग से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पकड़े गए युवक की पहचान बाबूल आलम (26), पिता मो. समीम, निवासी मिल्की सरपंच टोला, वार्ड संख्या-10, थाना मरंगा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से एक एन-160 पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
बरामद सामान के संबंध में के.हाट थाना में कांड संख्या 402/26, दिनांक 09 सितंबर 2026 के तहत धारा 317(4)/317(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब फरार हुए दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है कि इन्हें कहां से चोरी किया गया था और इस मामले में गिरफ्तार युवक की भूमिका क्या रही है।
Post a Comment