Top News

92 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की टोटो जब्त


बहादुरगंज। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादुरगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 92.140 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त बिना नंबर की टोटो को भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस शाम की गश्ती के दौरान एनएच-327ई पर राजस्थानी ढाबा के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान लोहागाड़ा की ओर से आ रही बिना नंबर की टोटो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही टोटो चालक सहित उस पर सवार दो अन्य लोग उतरकर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान टोटो की चालक सीट के नीचे और पीछे की सीट के नीचे छिपाकर रखी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, कुल 92.140 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिसौना वार्ड संख्या 11 निवासी अनवर उर्फ पप्पू (32), पिता नैयर आलम, मो. शब्बीर आलम (30), पिता शोएब आलम तथा बकडारा वार्ड संख्या छह निवासी बशीर आलम (32), पिता मोजीब आलम के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post