Top News

बाढ़ग्रस्त कुरसेला में राहत का सहारा, 61 कम्युनिटी किचन से भोजन


गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर से कुरसेला प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई गांवों में पानी घुसने के बाद लोग ऊंचे स्थानों, बांध, सड़क और रेलवे मालगोदाम में शरण लिए हुए हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया है।

अंचलाधिकारी अनुपम ने बताया कि नगर पंचायत दक्षिणी मुरादपुर, उत्तरी मुरादपुर, पूर्वी मुरादपुर, जलही मुरादपुर पंचायत सहित प्रभावित क्षेत्रों में 61 कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं। यहां बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जरूरतमंदों के बीच पॉलिथीन का वितरण तथा सरकारी नावों का परिचालन भी जारी है।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने बताया कि प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाकर स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किया जा रहा है। गंभीर मरीजों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के लिए दो एंबुलेंस बोट भी संचालित हैं। पशुओं के लिए जांच शिविर और चारे की व्यवस्था की जा रही है। दियारा क्षेत्र में भी कम्युनिटी किचन शुरू किया गया है।

आपदा मंत्री रत्नेश सदा के कुरसेला पहुंचने पर भाजपा नेता मिलन कुमार मंडल और जदयू नेता विमल मंडल ने उन्हें मांग पत्र सौंपकर कुरसेला नगर पंचायत एवं प्रखंड को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को जीआर सहायता राशि जल्द बैंक खातों में उपलब्ध कराने की भी मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post