Top News

सीबीएसई क्लस्टर में विद्या विहार का जलवा, पांच पदकों पर कब्जा


विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया के खिलाड़ियों ने विभिन्न सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य सहित कुल पांच पदक हासिल किए हैं। एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आदर्श कुमार और सोनू कुमार का सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है।
 3 से 7 अगस्त तक डीपीएस गिरिडीह में आयोजित सीबीएसई खो-खो क्लस्टर प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 बालिका टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम में श्रेयाशी, पिहू भारती, अभिप्रिया, दर्शिता आनंद, स्वाति कुमारी, प्रियांशी कुमारी, चाहत पांडेय, प्रगति प्रकाश, सिद्धि यादव, आराध्या सिंह, अदिति राज भगत एवं रिचा कुमारी शामिल थीं।
30 जुलाई से 1 अगस्त तक जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली, रांची में आयोजित सीबीएसई टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में विद्यालय के मयंक कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।

23 से 27 अगस्त तक विकास विद्यालय, रांची में आयोजित सीबीएसई एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आदर्श कुमार ने 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। वहीं सोनू कुमार ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
आदर्श कुमार और सोनू कुमार अब सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक सुशीला देवी पब्लिक स्कूल, पटियाला में होगा।
विद्यालय के सचिव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उन्हें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

विद्यालय की इस उपलब्धि में स्पोर्ट्स हेड अमित लकड़ा, पीटीआई विजया लक्ष्मी, देवाशीष सरकार, शादाब अकरम, अनामिका राज एवं वेद सर के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित आदर्श कुमार एवं सोनू कुमार को शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post