पोठिया/कटिहार। कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगरहा गांव के समीप बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान फलका थाना क्षेत्र के बरेटा दहा टोला निवासी मनोज रविदास के पुत्र रुपेश कुमार उर्फ बेचन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रुपेश बुधवार रात अपने घर से गोपालपुर स्थित ससुराल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बसगरहा गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
रुपेश अपने पीछे पत्नी सविता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, माता-पिता समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। बड़ी संख्या में लोगों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment