Top News

हवा भरते ही फटा ट्रैक्टर का टायर, धमाके में गैरेज कर्मी गंभीर घायल


फलका (कटिहार)। फलका बाजार में बुधवार सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक टायर फटने से एक गैरेज कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव निवासी गुलशन कुमार ठाकुर (25) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार फलका बाजार स्थित अपने जीजा गुड्डू कुमार के बाइक गैरेज में काम करते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर में हवा भर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया। इसकी चपेट में आने से गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग सहम गए और बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद गैरेज संचालकों और वाहन चालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों ने भारी वाहनों के टायर में हवा भरते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने की जरूरत बताई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post