प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, कोढ़ा में एक बार फिर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार को विद्यालय बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने कई स्थानों पर लगे बिजली के बोर्ड उखाड़कर वायर चोरी कर लिए। शौचालय में लगा पीतल का नल भी चोर उखाड़कर ले गए।
प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इस संबंध में कोढ़ा थाना को कई बार लिखित आवेदन देकर जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि चोर प्रायः रविवार को विद्यालय बंद रहने के दौरान वारदात को अंजाम देते हैं।
विद्यालय से महज करीब 15 मीटर की दूरी पर आदर्श थाना कोढ़ा और डीएसपी कार्यालय स्थित होने के बावजूद बार-बार चोरी की घटना से विद्यालय प्रबंधन में चिंता है। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि वायर व अन्य सामग्री चोरी होने से विद्यालय की विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है, जिसका असर पठन-पाठन पर भी पड़ता है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इससे पहले 26 मई 2025 को भी विद्यालय में चोरी हुई थी। उस दौरान वायर व अन्य सामग्री चोरी की गई थी। पूर्व में कक्षाओं में लगे वायर काटने के साथ टेबल समेत अन्य सामान भी चोरी किए जा चुके हैं। विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने अज्ञात चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा विद्यालयों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्ती की मांग की है।
Post a Comment