बरारी थाना क्षेत्र के देवी बरेटा के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पर करीब 60 वर्षीय अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसआई आलोक कुमार, एसआई अमित कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, संभव है कि महिला ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी कारणवश गिर गई हो और ट्रेन की चपेट में आ गई।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर शव की पहचान कराने में जुटी है। बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के ट्रेन से गिरने की आशंका है। पहचान के लिए प्रयास जारी है।
Post a Comment