बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.3 करोड़ रुपये मूल्य के 405 ग्राम ब्राउन शुगर और 183 ग्राम एमडीएमए के साथ एक कथित धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्लू गिरी, पिता खगेश्वर गिरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार एसपी संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बब्लू गिरी अपने घर से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में एएनटीएफ और बहादुरगंज पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने गुरुवार को आरोपी के घर छापेमारी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 405 ग्राम ब्राउन शुगर, 183 ग्राम एमडीएमए, एक देशी कट्टा, 1,01,300 रुपये नकद, दो तलवार, छह मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बहादुरगंज और दिघलबैंक थानों में उसके विरुद्ध कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अब आरोपी के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बहादुरगंज थाने में मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Post a Comment