Top News

टोटो चालक को भाड़े के बहाने बुलाया, हाथ-पैर बांधकर मार डाला; तीन गिरफ्तार


फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी गांव निवासी टोटो चालक प्रीतम कुमार उर्फ गोलू हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तकनीकी अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्य और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

7 अगस्त को बबनी बहियार स्थित धान के खेत से प्रीतम का हाथ-पैर बंधा शव बरामद हुआ था। इससे पहले उसका टोटो मांगनपट्टी जाने वाली सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर टास्क फोर्स गठित कर फलका थाना पुलिस, DIU और एसटीएफ को जांच में लगाया गया। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे सात हजार रुपये और मोबाइल के लेनदेन का विवाद मुख्य वजह सामने आया है। आरोपियों ने प्रीतम को भाड़े के बहाने बुलाया और उसकी हत्या कर शव को धान के खेत में फेंक दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार, दीपक कुमार और साजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दिलीप कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह अपहरण के मामले में जेल जा चुका है।

जांच में अब तक सात लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत चलाकर दोषियों को जल्द सजा दिलाने की बात कही है। हत्याकांड के त्वरित उद्भेदन को लेकर फलका पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post