Top News

किशनगंज में भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से किशनगंज शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं एसएसबी के जवान, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत पश्चिमपाली चौक से हुई। यहां से यात्रा चुड़ीपट्टी, फल चौक, गांधी चौक, डी मार्केट समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डे मार्केट स्थित मातृ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। एक किलोमीटर से अधिक लंबी यात्रा में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, किशनगंज सदर विधायक कमरुल होदा, कोचाधामन विधायक सरवर आलम, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, सहाबुल अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, मनीष जालान, मिक्की साहा, परवेज आलम उर्फ गुड्डू, इमाम अली, शमशुल हुदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालयों के बच्चे, पुलिस जवान और आम नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। जिला प्रशासन ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post