Top News

कुरसेला में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, तटबंधों का अधिकारियों ने लिया जायजा


कुरसेला प्रखंड के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को डीआरडीए के निदेशक सह कुरसेला प्रखंड के नोडल पदाधिकारी सुदामा प्रसाद ने विभिन्न तटबंधों एवं ठोकरों का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कटरिया तटबंध, खेरिया, तीनघरिया, मधेली, 11 नंबर एवं 12 नंबर ठोकर सहित अन्य संवेदनशील स्थलों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तटबंधों की वर्तमान स्थिति, गोदामों में उपलब्ध सैंड बैग के स्टॉक तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

नोडल पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित रहें और कहीं भी किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरतना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी (सीओ) अनुपम तथा जल संसाधन विभाग के एसडीओ अमित कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने तटवर्ती क्षेत्रों में तटबंधों की निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कटरिया तटबंध के समीप कुछ स्थानों पर किसानों द्वारा रखे गए मकई के पुआल को हटाने का निर्देश भी दिया गया, ताकि बाढ़ सुरक्षा कार्यों एवं निगरानी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post