Top News

किसान गोष्ठी में आधुनिक खेती की तकनीक से रूबरू हुए किसान


बैसा प्रखंड के कंजिया पंचायत अंतर्गत सोनापुर गांव में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, जलालगढ़ की उद्यान विभाग की संगीता कुमारी एवं मिट्टी विभाग के संतोष कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी शशि भूषण कुमार, किसान सलाहकार रवि कुमार तथा रवि कुमार पासवान मौजूद रहे। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उद्यानिकी फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत तकनीक से उत्पादन बढ़ाने, मिट्टी की जांच तथा मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार खाद एवं उर्वरक के संतुलित उपयोग की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने कहा कि मिट्टी जांच के आधार पर पोषक तत्वों का प्रबंधन करने से खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन और फसल की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। किसानों को फसल चयन, समय पर बुआई, पौध संरक्षण एवं उद्यानिकी फसलों की देखभाल के संबंध में भी जानकारी दी गई।

गोष्ठी के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याएं और सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका आवश्यक सुझाव देकर समाधान बताया गया। अधिकारियों ने किसानों से कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र की योजनाओं और तकनीकी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। किसानों ने गोष्ठी को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post