टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय के आसपास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के बाद दुकानदारों में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को अंतिम तिथि निर्धारित की थी। नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें खुद तोड़कर सड़क किनारे से सामान हटाना शुरू कर दिया।
अतिक्रमण हटने के बाद मुख्य सड़क पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। अंचलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को शुक्रवार तक दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया था। जो दुकानदार स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दुकानें हटाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अतिक्रमण हटने के बाद आम लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। सीओ ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Post a Comment