मंगलवार दोपहर चार दोस्तों के साथ महानंदा नदी में स्नान करने पहुंचे कक्षा 8 के एक छात्र के गहरे पानी में डूबकर लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। लापता छात्र की पहचान अब्दुल हादिर के रूप में हुई है। वह बेथल मिशन स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, अब्दुल हादिर मंगलवार दोपहर घूमने जाने की बात कहकर अपने दोस्तों विश्वजीत कुमार, अनुपम कुमार और जीके पासवान के साथ चकला एएमयू सेंटर के पास पहुंचा था। वहां चारों दोस्त महानंदा नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान अब्दुल हादिर अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया।
हादिर के डूबने के बाद उसके साथियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम SDRF के जवानों के साथ मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और शुभचिंतक भी नदी किनारे पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार प्रेषण तक SDRF की टीम द्वारा छात्र की तलाश जारी थी।
Post a Comment