धमदाहा प्रखंड क्षेत्र की चिकनी डुमरिया पंचायत अंतर्गत लाफाटोल स्थित चंद्रकला देवी प्राथमिक विद्यालय में मिट्टी भराई नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। विद्यालय परिसर में पानी जमा रहने से करीब 200 नामांकित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राथमिक विद्यालय होने के कारण यहां अधिकांश बच्चे छोटे हैं। बच्चों को खेलकूद का भी काफी शौक रहता है, लेकिन परिसर में पानी जमा रहने के कारण वे न तो खेलकूद कर पा रहे हैं और न ही कई बार आसानी से विद्यालय पहुंच पाते हैं। जलजमाव के कारण बच्चों के पैर पानी में डूब जाते हैं, जिससे अभिभावक भी अपने बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी महसूस करते हैं।
अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई नहीं होने के कारण हर बारिश में पानी जमा हो जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ उन्हें स्कूल आने-जाने में भी परेशानी होती है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे शिक्षक और छात्र दोनों प्रभावित हैं।
इस संबंध में चिकनी डुमरिया पंचायत के मुखिया उमेश दास से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि विद्यालय का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद मनरेगा के माध्यम से मिट्टी भराई का कार्य कराया जाएगा, ताकि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
विद्यालय में करीब आधे दर्जन शिक्षक कार्यरत हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जल्द से जल्द मिट्टी भराई कराकर विद्यालय परिसर को जलजमाव से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और सुचारू रूप से पढ़ाई का माहौल मिल सके।
Post a Comment