मुरलीगंज। राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत भाकपा की पदयात्रा बुधवार को सातवें दिन मुरलीगंज के जीतापुर से निकलकर सोनाय महाराज स्थान होते हुए भतखोड़ा बाजार पहुंची। इस दौरान पदयात्रियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि भतखोड़ा बाजार और आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।
स्थिति को देखते हुए भाकपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा से भतखोड़ा बाजार में शीघ्र पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। नेताओं का कहना है कि पुलिस चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
मौके पर भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि मधेपुरा सहित पूरे बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विकास योजनाओं में कथित लूट, महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी के कारण आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों और किसानों की समस्याएं गंभीर हैं। छात्र आंदोलनों को दबाने, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। प्रमोद प्रभाकर ने लोगों से एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भाकपा की ‘बदलाव जरूरी है’ रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
भाकपा के सहायक जिला मंत्री रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि आम लोगों को भोजन, आवास, स्वास्थ्य और सुरक्षा की गारंटी देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इन मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के बजाय कॉरपोरेट हितों के लिए काम कर रही है। उन्होंने भी बदलाव की जरूरत बताते हुए लोगों से आंदोलन से जुड़ने की अपील की।
पदयात्रा में भाकपा नेता उमेश मेहता उर्फ मुखिया जी, श्याम सुंदर मंडल, विजय यादव, बिजेंदर ऋषिदेव, कुंदन ऋषिदेव, रविंद्र ऋषिदेव, भूपेंद्र मंडल, जयकुमार मंडल, राजेश कुमार और सूरज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
Post a Comment