Top News

बैसा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा बाजार

बैसा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंगलवार को बैसा प्रखंड मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के रंग में रंगी यात्रा प्रखंड परिसर से शुरू होकर बाजार और बाईपास होते हुए पुनः प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा में बीडीओ हेम शंकर राही, थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव, बीईओ साजिद अली, आरओ चंद्र प्रकाश सिंह, प्रखंड प्रमुख शमीम अख्तर, उप प्रमुख फिरोज आलम, उच्च विद्यालय रौटा के प्रधानाध्यापक शकील अंजुम, भाजपा नेता प्रेमनाथ प्रसाद भगत, अजय विश्वास, संतोष ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। रास्ते में स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। प्रखंड मुख्यालय से बाजार और बाईपास तक देशभक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर बीडीओ हेम शंकर राही ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की एकता, अखंडता और गौरव को दर्शाता है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनके त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है। सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और स्वतंत्रता दिवस आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post