कटिहार जिले के बारसोई नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बिमला देवी ने बलरामपुर थानाध्यक्ष पर जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ कथित तौर पर अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने बारसोई अनुमंडल के एसडीपीओ अजय कुमार को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य पार्षद का आरोप है कि विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और जनहित से जुड़े मामलों को लेकर जब भी थानाध्यक्ष से बातचीत का प्रयास किया जाता है, तो उनका रवैया कथित रूप से असहयोगात्मक और गुस्सैल रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अमर्यादित एवं असंवेदनशील भाषा का प्रयोग भी किया जाता है।
बिमला देवी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को पुलिस-प्रशासन के समक्ष रखकर समाधान कराने का प्रयास करना है। ऐसे में जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार जनप्रतिनिधियों की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों में असंतोष पैदा होने के साथ पुलिस विभाग की छवि भी प्रभावित होती है।
मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि रिंकू सिंह ने भी मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि के साथ ही इस तरह का व्यवहार होता है, तो आम लोगों के साथ पुलिस के व्यवहार का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
इधर, एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि मुख्य पार्षद की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर विस्तृत रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
Post a Comment