Top News

महेशपुर में जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, एमएलसी ने दिया मरम्मत का आश्वासन


कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पंचायत के बासकोटा गोबिंदपुर गांव में बड़ी मस्जिद से नमीर के घर तक जाने वाली पीसीसी सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश के दौरान जलजमाव व कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात में सड़क की स्थिति तालाब जैसी हो जाती है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है। यह मार्ग बासकोटा गांव की जामे मस्जिद तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचते हैं। साथ ही यह सड़क बारसोई से भी जुड़ी है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।

समस्या को लेकर महेशपुर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी एवं एमएलसी प्रतिनिधि मजहरुल इस्लाम उर्फ मुजा ने विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार अग्रवाल को लिखित आवेदन देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

मामले पर संज्ञान लेते हुए एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल ने सड़क की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य और फर्ज है।

आश्वासन मिलने के बाद मजहरुल इस्लाम उर्फ मुजा सहित स्थानीय ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने एमएलसी का आभार जताते हुए जल्द सड़क मरम्मत शुरू होने की उम्मीद जताई।

मौके पर पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि महेशपुर मोहम्मद हारून, वार्ड सदस्य मोहम्मद नसीम, मोहम्मद मामून, मोहम्मद अंजार आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बरसात को देखते हुए सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post