आजमनगर प्रखंड की अमरसिंहापुर पंचायत के बोला टोला, वार्ड संख्या 9 में घरेलू विवाद के दौरान डंडे से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन सिया के रूप में हुई है। घटना में उनके पुत्र सदाम सिया पर डंडे से सिर पर वार करने का आरोप है।
परिजनों के अनुसार, चंदन सिया कथित तौर पर शराब के नशे में अक्सर घर में हंगामा और मारपीट करते थे। उनकी पत्नी का कहना है कि इसको लेकर उन्होंने पूर्व में कई बार पुलिस को आवेदन दिया था। बताया गया कि चंदन सिया को पहले दो बार जेल भी भेजा जा चुका था।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन चंदन सिया शराब के नशे में घर पहुंचे और हंगामा करने लगे। आरोप है कि उन्होंने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनका पुत्र सदाम सिया बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप के मुताबिक, चंदन ने बेटे पर भी डंडे से वार किया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई।
इसके बाद सदाम ने डंडा छीनकर कथित तौर पर अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद चंदन सिया जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
Post a Comment