बारसोई प्रखंड में सोलर एवं सौर ऊर्जा मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन बारसोई-बलरामपुर विधायक संगीता देवी, एसडीओ राजू कुमार, बीडीओ चंदन प्रसाद एवं सीओ श्याम सुंदर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर 30 हजार रुपये तक, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तक तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। पात्र बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर एक किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल निःशुल्क लगाए जाने की व्यवस्था भी है।
मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने पहुंचकर योजना की जानकारी ली। कई लाभुकों को योजना का लाभ भी मिला। बताया गया कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली खर्च कम होने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक संगीता देवी ने कहा कि बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा अपनाने और योजना का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में एसडीपीओ अजय कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता मिथलेश कुमार, सहायक अभियंता इमरान, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह, धर्मेंद्र कुमार साह, सुनील साह, तनवीर आलम, लोजपा युवा नेता मो. आसीफ, जदयू नेता अमल गोस्वामी, अजय कुमार शर्मा, नसीम अख्तर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post a Comment