बरारी प्रखंड की उत्तरी भंडारतल पंचायत के धनकहा-बड़हरा गांव में गंगा नदी का कटाव लगातार तेज होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार को पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी तौकीर आलम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और बाढ़ नियंत्रण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
तौकीर आलम ने आरोप लगाया कि विभागीय अभियंताओं ने उन्हें बताया कि फिलहाल खेत कट रहे हैं, गांव कटने पर बचाव कार्य किया जाएगा। उन्होंने इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि समय रहते कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं किया गया तो बड़ी जनहानि और भारी नुकसान हो सकता है।
उत्तरी भंडारतल पंचायत के सरपंच राजेश कुमार ने भी जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गंगा कटाव से पूरा इलाका संकट में है, लेकिन अब तक न विधायक और न ही सांसद प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे हैं।
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो. सलीम ने सरकार से तत्काल कटाव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस फ्लड कंट्रोल कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बिना देरी किए कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Post a Comment