नगर पंचायत धमदाहा अंतर्गत घरारी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय बिहारी नगर अनुसूचित जाति में रास्ते की समस्या के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय का अपना रास्ता नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फसल के समय किसान विद्यालय के मुख्य द्वार तक खेती कर देते हैं, जिससे आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों और शिक्षकों को पगडंडी के सहारे विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीनू कुमारी ने बताया कि रास्ते के अभाव में सैकड़ों बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। विद्यालय के समीप ब्रह्म बाबा मंदिर भी स्थित है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी रास्ते की समस्या का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय काफी पुराना है, बावजूद इसके अब तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की ओर से रास्ते की स्थायी व्यवस्था के लिए ठोस पहल नहीं की गई। इससे समस्या वर्षों से बनी हुई है।
इस संबंध में वार्ड पार्षद नूतन देवी ने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत कर विद्यालय तक रास्ता उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के माध्यम से आने वाले समय में पीसीसी ढलाई कर रास्ता बनाने का प्रयास किया जाएगा।
Post a Comment