स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ रैली में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, प्रशासक प्रीतम दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेनी पांडेय सहित शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य रैली में शामिल रहे। रैली रौतारा गांव से होते हुए रौतारा टोल प्लाजा पहुंची, जहां ग्रामीणों एवं आम लोगों के बीच तिरंगे वितरित किए गए और उन्हें ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रैली को सफल और सुरक्षित बनाने में रौतारा थाना की पुलिस टीम का सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी लालसारबिंद, उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव सहित पुलिस गश्ती दल के प्रति आभार जताया।
वहीं रौतारा टोल प्लाजा एजेंसी संदीप कंस्ट्रक्शंस के मालिक अजीत सिंह, प्रभारी विकास यादव तथा एनएचएआई रौतारा कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक मिथिलेश मिश्रा, पीआरओ अभिषेक मेहता और आईटी प्रबंधक सुनील कुमार के सहयोग के लिए भी विद्यालय परिवार ने धन्यवाद दिया।
विद्यालय की इस पहल ने ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रप्रेम और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया।
Post a Comment