स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सीमावर्ती जियापोखर थाना क्षेत्र में पुलिस, एसएसबी जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में एसएसबी कद्दूभिट्ठा के असिस्टेंट कमांडेंट कार्तिक दत्ता, जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार, शिक्षक मुमताज आलम, अफसार आलम, एसएसबी जवान, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से सीमावर्ती क्षेत्र का माहौल राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।
इस दौरान पुलिस एवं एसएसबी जवानों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। वहीं शिक्षकों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
Post a Comment